उत्तराखण्ड फिल्म विकास परिषद ने किये कई निर्णय! – Idea for News

उत्तराखण्ड फिल्म विकास परिषद ने किये कई निर्णय!

उत्तराखण्ड फिल्म विकास परिषद ने किये कई निर्णय!

उत्तराखण्ड फिल्म विकास परिषद की मंगलवार को सूचना भवन रिंग रोड स्थित सभागार में 6वीं बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में उपाध्यक्ष श्री हेमंत पांडेय, जय श्रीकृष्ण नौटियाल के साथ ही परिषद के सदस्यगण उपस्थित थे। बैठक में विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। आज सम्पन्न हुई बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी 6 नवम्बर, 2017 को देहरादून में एक सम्मान समारोह आयोजित किया जायेगा। इस सम्मान समारोह में शार्ट फिल्म फेस्टिवल हेतु आमंत्रित फिल्मों में से प्रथम, द्वितीय और तृतीय विजेताओं को सम्मानित किया जायेगा। इसके साथ ही उत्तराखण्ड की गढ़वाली व कुमांऊनी बोली में बनाई गई बडे पर्दे की फिल्मों के फिल्म निर्माताओं को भी सम्मानित किया जायेगा। सम्मान समारोह आयोजन हेतु एक समिति का गठन किया गया है, जिसमें जे.पी.पंवार, एस.पी.एस. नेगी, शिव पैन्यूली, बाबू राम शर्मा, के.राम नेगी आदि सम्मिलित है। इसके अतिरिक्त वन विभाग से संबधित प्रकरणों के निस्तारण हेतु श्री सतीश शर्मा, श्री शिव पैन्यूली तथा श्री एस.पी.एस.नेगी की एक उप समिति गठित की गई है। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि फिल्म नीति को और अधिक आकर्षक बनाया जायेगा। प्रदेश में मिनी थियेटर के कान्सेप्ट पर विचार किया जायेगा, इससे रोजगार के अवसर भी बढेंगे।

उपाध्यक्ष, श्री हेमंत पाण्डेय ने कहा कि परिषद के माध्यम से क्षेत्रीय सिनेमा को पहचान मिले, इसके लिए ठोस प्रयास करने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि जी.एस.टी. लागू होने के कारण राज्य सरकार द्वारा फिल्मों को मनोरंजन कर में छूट प्रदान में कठिनाई आ रही है, इसको देखते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी, वित्त मंत्री भारत सरकार को पत्र प्रेषित कर उत्तराखण्ड की विषम भौगोलिक परिस्थिति को दृष्टिगत रखते हुए जी.एस.टी. से छूट प्रदान करने का अनुरोध किया है।

आइडिया फॉर न्यूज़ के लिए देहरादून से अमित सिंह नेगी की रिपोर्ट!    

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *